शाहजहाँपुर : उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने नेशनल हाईवे को चीख-पुकार से भर दिया। तिलहर कोतवाली क्षेत्र में एक खड़े ट्रक के पीछे दो सरकारी रोडवेज बसें जा टकराईं, जिसमें कुल 29 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना रविवार शाम करीब 6:00 बजे की है। नेशनल हाईवे पर ग्राम धनेला पलटू के पास एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों और बस चालक आशुतोष वाजपेयी के अनुसार, सबसे पहले आगे चल रही रोडवेज बस उस खड़े ट्रक में जा घुसी। इसी बीच, पीछे से आ रही दूसरी बस भी अनियंत्रित होकर पहली बस में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों के परखच्चे उड़ गए।
टक्कर की आवाज़ सुनकर आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुँचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे में घायल हुए यात्रियों में मनोना धाम और हरिद्वार से लौट रहे तीर्थ यात्री शामिल हैं: लखीमपुर खीरी निवासी मोतीलाल, पत्नी रिंकी और पुत्र कपिल। आजमगढ़ निवासी रज्जू देवी और उनके पति भरत लाल। सीतापुर निवासी मन्नालाल, धर्मेंद्र राज, तेजराम, हिमांशी, धर्मेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार। लखनऊ से दवा लेने जा रहे ओमप्रकाश जोशी (पिथौरागढ़), सोनू विश्वकर्मा (लखनऊ) सहित अन्य यात्री। बस स्टाफ में सीतापुर डिपो के चालक आशुतोष बाजपेयी, दूसरे बस चालक अरुण शुक्ला और परिचालक शिवम अवस्थी भी घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर तैनात हो गया। घायलों को निकालने के लिए राहगीरों ने भी मदद की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर हाईवे पर ट्रक क्यों और कैसे खड़ा था।