शामली जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के कंडैला इंडस्ट्रियल एरिया में खाद्य विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पनीर फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। सहारनपुर से आई मंडलीय टीम ने छापेमारी के दौरान पाया कि यहाँ स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक केमिकल का उपयोग कर नकली पनीर तैयार किया जा रहा था।
मंडलीय मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके राठी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में फैक्ट्री से माल्टो डेस्ट्रिन पाउडर, ट्रांसपेरेंट तरल पदार्थ, ग्लूकोनो डेल्टा लैक्टोन और सफेद क्रिस्टल जैसे कई संदिग्ध पदार्थ बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन पदार्थों का इस्तेमाल दूध को गाढ़ा करने और पनीर को नकली तरीके से तैयार करने के लिए किया जाता था।
टीम ने मौके से लगभग 3 क्विंटल नकली दूध, भारी मात्रा में सादा पनीर और जीरा पनीर जब्त किया है। सभी सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला (Lab) भेज दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री काफी समय से पानीपत-खटीमा हाईवे के पास चल रही थी और यहाँ से नकली पनीर शामली के स्थानीय बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था। इस कार्रवाई के बाद से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।