मंगलवार, 17 मार्च 2026
श्रावस्ती

श्रावस्ती में सनसनी, 14 दिन से लापता भाकियू महिला जिलाध्यक्ष का जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

By Uttar World Desk

03 मा, 2026 | 07:32 बजे
श्रावस्ती में सनसनी, 14 दिन से लापता भाकियू महिला जिलाध्यक्ष का जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष आंचल मिश्रा, जो पिछले 14 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थीं, उनका शव नेपाल सीमा के पास ककरदरी के घने जंगलों में मिला है। शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि जंगल में अलग-अलग स्थानों पर केवल अवशेष ही बरामद हो सके हैं।

मल्हीपुर थाना क्षेत्र के बांसगढ़ी गांव की निवासी आंचल मिश्रा 17 फरवरी को भिनगा में एक संगठनात्मक बैठक में शामिल होने गई थीं, जिसके बाद वह घर नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद उनके पति संतोष मिश्रा ने 19 फरवरी को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि जंगल में मानव अवशेष पड़े हैं, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसएसबी (SSB) के खोजी कुत्तों और फोरेंसिक टीम की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। मौके से आंचल का जूता, मोजा, अधजली साड़ी, पर्स, टूटी हुई चूड़ियां और जबड़े का हिस्सा मिला है। पुलिस ने सभी अवशेषों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटनास्थल पर मिली अधजली साड़ी और टूटी चूड़ियाँ किसी बड़ी साजिश या नृशंस हत्या की ओर इशारा कर रही हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। भाकियू नेताओं ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें