मंगलवार, 17 मार्च 2026
श्रावस्ती

गिलौला में टोचन कर रही कारों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर होटल कारोबारी की मौत, 3 गंभीर

By Uttar World Desk

15 फ़र, 2026 | 11:05 बजे
गिलौला में टोचन कर रही कारों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर होटल कारोबारी की मौत, 3 गंभीर

गिलौला (श्रावस्ती): जनपद के गिलौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिलकपुर मोड़ पर बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ कार टोचन कर रहे लोगों को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन (ट्रक) ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गिलौला बाजार के एक प्रतिष्ठित होटल व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, गिलौला निवासी दुर्गा प्रसाद उर्फ रवि की टाटा ईवी (EV) कार की बैटरी अचानक खत्म हो गई थी। मदद के लिए उनके भाई सुनील और आशीष गुप्ता दूसरी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे थे। वे रस्सी के सहारे खराब कार को टोचन कर घर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले 32 वर्षीय ओम प्रकाश गुप्ता उर्फ 'मिठाई वाले' भी इंसानियत के नाते उनकी मदद करने के लिए वहां खड़े थे।

टोचन की प्रक्रिया चल ही रही थी कि पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने दोनों खड़ी कारों में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में ओम प्रकाश गुप्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्गा प्रसाद, सुनील और आशीष लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गिलौला ले जाया गया। दुर्गा प्रसाद की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है। मृतक ओम प्रकाश गुप्ता गिलौला बाजार में होटल चलाते थे और अपने पीछे दो छोटे बेटों और एक भाई का परिवार छोड़ गए हैं। उनके माता-पिता का साया पहले ही सिर से उठ चुका था, इस घटना के बाद पूरे बाजार में शोक की लहर है।

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें