गिलौला (श्रावस्ती) : जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गिलौला थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का माल और नगदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चन्द्र उत्तम के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान के पर्यवेक्षण में गिलौला पुलिस टीम को 15 फरवरी को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर मोहम्मदपुर गांव के पास बाईपास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदीप उर्फ कोयले पुत्र अदालती पाण्डेय, निवासी मनसुखा, थाना गिलौला के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा ली गई जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से नगदी 15,000 रुपये जेवरात में सफेद धातु की दो जोड़ी पायल, एक एटीएम कार्ड और एक चेक सामान बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि 12 फरवरी को उसने थाना क्षेत्र के ही एक घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस (BNS) की बढ़ोतरी की गई है। अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 14/2026 के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। इस सफलता में गिलौला पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसने घटना के कुछ ही दिनों भीतर अपराधी को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।