श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 10 साल की नाबालिग बच्ची के साथ उसी के रिश्ते के चाचा ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। घटना के 20 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परेशान पीड़ित परिवार ने आज श्रावस्ती के पुलिस अधीक्षक (SP) राहुल भाटी के कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना 1 मार्च की है। बच्ची घर में अकेली थी, तभी गांव का ही रहने वाला रिश्ते का चाचा उसे ₹10 का लालच देकर अपने घर ले गया। वहाँ आरोपी ने बच्ची के साथ गलत काम करने की कोशिश की और उसके कपड़े उतार दिए। बच्ची के शोर मचाने और रोने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग गया। बच्ची ने घर पहुंचकर अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने 1 मार्च को ही सिरसिया थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें 10 दिनों तक टालमटोल किया। काफी दबाव के बाद 10 मार्च को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। लेकिन आज 20 मार्च होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहा है।
\पीड़ित पिता ने बताया कि जब वे कोर्ट (दीवानी) की कार्रवाई के लिए गए थे, तो वहाँ आरोपी उन्हें मिला और केस वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी का कहना है कि पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाएगी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी लगातार उनकी पत्नी और बच्चों को डरा-धमका रहा है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एसपी राहुल भाटी से हाथ जोड़कर न्याय की मांग की है। परिवार का कहना है कि मासूम बच्ची के साथ ऐसा घिनौना काम करने वाले के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए और उसे ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि उसकी जमानत न हो सके। उन्होंने मांग की है कि श्रावस्ती पुलिस तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजे।