श्रावस्ती: जिले के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के मुलायम पुरवा गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 20 वर्षीय विवाहिता का शव उसके ससुराल में फंदे से लटकता पाया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान 20 वर्षीय रुकसार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रुकसार की शादी दो वर्ष पूर्व मुलायम पुरवा निवासी नफीस (28) से हुई थी। नफीस मुंबई में मजदूरी का काम करते हैं। मृतका की एक साल की मासूम बेटी भी है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया है।
बताया जा रहा है कि रुकसार का पति नफीस पांच दिन पहले ही काम के सिलसिले में मुंबई के लिए रवाना हुआ था। घटना के समय रुकसार घर में अपनी बेटी के साथ अकेली थी, जबकि उसके ससुर पास के ही दूसरे मकान में छोटे बेटे के साथ रहते हैं। नफीस के अन्य पांच भाई भी मुंबई में ही रहकर मजदूरी करते हैं।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद रुकसार ने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आत्महत्या के किसी स्पष्ट कारण की पुष्टि नहीं की है। क्षेत्राधिकारी (CO) सतीश शर्मा ने खुद मौके पर पहुँचकर मामले की गहनता से जांच की है।
रुकसार का मायका पड़ोसी जनपद बहराइच के पयागपुर थाना क्षेत्र के पकड़िया गांव में है। पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।