मंगलवार, 17 मार्च 2026
सोनभद्र

सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक सवार 3 बुजुर्गों को रौंदा, पूर्व प्रधानाचार्य समेत एक ही परिवार के 3 सदस्यों की दर्दनाक मौत

By Uttar World Desk

10 फ़र, 2026 | 01:12 बजे
सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक सवार 3 बुजुर्गों को रौंदा, पूर्व प्रधानाचार्य समेत एक ही परिवार के 3 सदस्यों की दर्दनाक मौत

सोनभद्र (रॉबर्ट्सगंज): जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर रोड पर रविवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन बुजुर्गों को इस कदर कुचला कि मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। मृतकों में एक पूर्व प्रधानाचार्य, उनके बड़े भाई और उनके साढ़ू शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, छिनौता के चिलयां गांव निवासी और श्री चंद्र गुप्त मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य दयाशंकर सिंह (62) अपने बड़े भाई कमला सिंह (70) के साथ रॉबर्ट्सगंज के कबरी गांव में एक तिलक समारोह में गए थे। लौटते समय उनके साढ़ू प्रेम सिंह भी उनके साथ बाइक पर सवार हो गए। रात करीब 11 बजे हिंदूआरी चौकी तिराहे के पास जब वे सड़क किनारे रुककर बात कर रहे थे, तभी पीछे से आए अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें रौंद दिया।

हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के पहिए के नीचे आने से पूर्व प्रधानाचार्य दयाशंकर सिंह का सिर और कंधे का हिस्सा क्षत-विक्षत हो गया। वहीं कमला सिंह और प्रेम सिंह के शरीर के ऊपर से पहिया गुजरने के कारण उनके अंग सड़क पर बिखर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को शवों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी; शव जमीन से इस कदर चिपक गए थे कि उन्हें खुरचकर इकट्ठा करना पड़ा।

मृतक कमला सिंह के बेटे रमेश चंद्र ने बताया कि वह भी कार्यक्रम में गए थे लेकिन जल्दी लौट आए थे, रात 11:30 बजे पुलिस के फोन से उन्हें इस अनहोनी की जानकारी मिली।

सीओ सिटी रति मिश्रा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें