मंगलवार, 17 मार्च 2026
खेल समाचार

पाकिस्तान हॉकी में भूचाल: कप्तान पर बैन लगाने के बाद PHF अध्यक्ष तारिक बुगती का इस्तीफा, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 'बर्तन धोने' के खुलासे से मचा बवाल

By Uttar World Desk

20 फ़र, 2026 | 12:22 बजे
पाकिस्तान हॉकी में भूचाल: कप्तान पर बैन लगाने के बाद PHF अध्यक्ष तारिक बुगती का इस्तीफा, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 'बर्तन धोने' के खुलासे से मचा बवाल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान का राष्ट्रीय खेल हॉकी इस समय अपने सबसे खराब दौर और प्रशासनिक संकट से गुजर रहा है। ऑस्ट्रेलिया के शर्मनाक दौरे से लौटने के बाद पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) के अध्यक्ष तारिक बुगती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, इस्तीफा देने से ठीक पहले उन्होंने राष्ट्रीय टीम के कप्तान अम्माद शकील बट्ट पर दो साल का कड़ा प्रतिबंध लगा दिया। इस पूरे विवाद ने पाकिस्तान के खेल जगत में खलबली मचा दी है और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

विवाद की शुरुआत तब हुई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें पाकिस्तान के खिलाड़ी सिडनी की सड़कों पर अपने सामान के साथ खड़े नजर आए। टीम FIH प्रो लीग के लिए ऑस्ट्रेलिया गई थी, लेकिन वहां उनके रहने (Accommodation) का कोई इंतजाम नहीं था। स्वदेश लौटने के बाद कप्तान अम्माद बट्ट ने लाहौर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फेडरेशन की पोल खोल दी। बट्ट ने आरोप लगाया कि खिलाड़ियों को होटल के बजाय एयरबीएनबी (Airbnb) में रुकना पड़ा और उन्हें मैच खेलने जाने से पहले खुद अपने 'बर्तन धोने' और 'खाना बनाने' के लिए मजबूर होना पड़ा।

अम्माद बट्ट ने यह भी खुलासा किया कि होटल के बिलों का भुगतान न होने के कारण उन्हें सिडनी एयरपोर्ट पर 14 घंटे इंतजार करना पड़ा और फिर सड़कों पर भटकना पड़ा। दूसरी ओर, पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) का दावा है कि उन्होंने फेडरेशन को होटल के खर्च के लिए 1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये से ज्यादा की राशि जारी की थी। पीएचएफ अध्यक्ष बुगती ने इन आरोपों को खारिज करते हुए सारा दोष स्पोर्ट्स बोर्ड पर मढ़ा और कप्तान अम्माद पर 'देश की छवि खराब करने' का आरोप लगाते हुए उन्हें 2 साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, जो PHF के संरक्षक-प्रमुख (Patron-in-Chief) भी हैं, ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कमेटी गठित की है। तारिक बुगती ने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री को भेज दिया है, लेकिन साथ ही उन्होंने सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। हॉकी के जानकारों का कहना है कि तीन बार की ओलंपिक चैंपियन और चार बार की वर्ल्ड चैंपियन रही पाकिस्तान टीम का आज यह हाल होना शर्मनाक है। टीम फिलहाल विश्व रैंकिंग में 14वें स्थान पर खिसक गई है और पिछले तीन ओलंपिक के लिए क्वालीफाई तक नहीं कर पाई है।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें