सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश में साइबर अपराध की घटनाएँ अब आम आदमी से निकलकर वीआईपी (VIP) गलियारों तक पहुँच गई हैं। ताज़ा मामला सुल्तानपुर का है, जहाँ भाजपा के एमएलसी (MLC) शैलेंद्र प्रताप सिंह को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाने की कोशिश की और उन्हें करीब डेढ़ घंटे तक 'डिजिटल अरेस्ट' में रखा।
ATS अधिकारी बनकर कॉल: ठग ने एमएलसी को फोन किया और खुद को एटीएस (ATS) का बड़ा अधिकारी बताया। जालसाज इतना शातिर था कि उसने पुलिस की वर्दी पहनकर वीडियो कॉल किया, ताकि एमएलसी को उस पर शक न हो। आरोपी ने एमएलसी को किसी कथित गंभीर मामले में जांच का हवाला दिया और डरा-धमकाकर उन्हें लगातार वीडियो कॉल पर बने रहने को मजबूर किया।
करीब डेढ़ घंटे तक चली इस मानसिक प्रताड़ना के बाद एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह को आरोपी की बातों पर शक होने लगा। ठग उनसे आर्थिक लेनदेन या संवेदनशील जानकारी मांगने की फिराक में था, लेकिन एमएलसी ने चतुराई दिखाई और कोई भी लेनदेन करने से पहले ही कॉल काट दिया।
घटना के बाद एमएलसी ने तुरंत पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। सुल्तानपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।