मंगलवार, 17 मार्च 2026
टेक्नोलॉजी

1 मार्च से बिना सिम कार्ड के नहीं चलेगा वॉट्सएप, सरकार ने डेडलाइन बढ़ाने से किया इनकार

By Uttar World Desk

26 फ़र, 2026 | 10:05 बजे
1 मार्च से बिना सिम कार्ड के नहीं चलेगा वॉट्सएप, सरकार ने डेडलाइन बढ़ाने से किया इनकार

नई दिल्ली। अगर आप भी अपने फोन में बिना सिम कार्ड के या सिर्फ वाई-फाई के जरिए वॉट्सएप (WhatsApp) और अन्य मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि 'सिम बाइंडिंग' (SIM Binding) के नियमों को लागू करने की 28 फरवरी की समय सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी।

1 मार्च 2026 से नया नियम प्रभावी हो जाएगा। इसके तहत अब आपके फोन में वही फिजिकल सिम कार्ड होना अनिवार्य है, जिस नंबर पर आपका वॉट्सएप, टेलीग्राम या सिग्नल जैसे ऐप्स चल रहे हैं। यदि आपने फोन से सिम कार्ड निकाला, तो ये ऐप्स काम करना बंद कर देंगे।

सरकार के इस फैसले का असर केवल वॉट्सएप पर ही नहीं, बल्कि टेलीग्राम, सिग्नल, स्नैपचैट, शेयरचैट, जियोचैट और जोश जैसे सभी प्रमुख मैसेजिंग और सोशल मीडिया ऐप्स पर पड़ेगा।

नए नियमों के अनुसार, कंप्यूटर या लैपटॉप पर लॉगिन किया गया वॉट्सएप वेब अब हर 6 घंटे में अपने आप लॉगआउट हो जाएगा। यूजर्स को दोबारा लॉगिन करने के लिए अपने मोबाइल और सिम कार्ड का इस्तेमाल करना होगा। हालांकि, इंडस्ट्री एसोसिएशन ने इसे प्रोफेशनल्स के लिए परेशानी भरा बताया है, लेकिन सरकार सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता करने को तैयार नहीं है।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के अनुसार, यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा और बढ़ते साइबर फ्रॉड को रोकने के लिए उठाया गया है। सिम बाइंडिंग एक सुरक्षा कवच की तरह काम करेगा, जिससे कोई भी हैकर आपकी अनुपस्थिति में दूसरे डिवाइस पर आपका नंबर इस्तेमाल नहीं कर पाएगा।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें