वाराणसी (पूर्वांचल): धर्मनगरी वाराणसी के लालपुर पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुकुलगंज इलाके में दबंगों का कहर देखने को मिला है। मोबाइल छीनने के विरोध में बदमाशों ने तीन सगे भाइयों को कमरे में बंधक बनाकर लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से लहूलुहान कर दिया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, हमलावरों ने एक भाई को छत से नीचे फेंक दिया।
कैसे शुरू हुआ विवाद? पीड़ित किशन साहनी के अनुसार, कुछ स्थानीय युवकों ने उनके छोटे भाई अनिल साहनी का मोबाइल छीन लिया था। जब अनिल अपने भाइयों सुनील, सुजीत और रोहित के साथ आरोपियों के पास पहुंचा और पुलिस (डायल 112) को सूचना दी, तो आरोपी पहले भाग गए। लेकिन जैसे ही पुलिस मौके से गई, हिमांशु, छक्कन और विनय अपने 20-25 साथियों के साथ वापस आ गए।
कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा: बचाव के लिए पीड़ित भाई एक घर में छिपे, लेकिन हमलावरों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें पकड़ लिया। बदमाशों ने रॉड, पंच और धारदार हथियारों से तीनों भाइयों के सिर पर वार किए। इस दौरान अनिल को छत से नीचे फेंक दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। भीड़ जुटती देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई: घायल भाइयों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लालपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।