बुधवार, 22 अप्रैल 2026
ambedkar-nagar
अम्बेडकर नगर

अम्बेडकरनगर: छात्र-छात्राओं को सस्ती और असली किताबें दिलाने के लिए लगेगा पुस्तक मेला, जानें तारीख और स्थान

By Uttar World Desk

20 अप्र, 2026 | 12:14 बजे
अम्बेडकरनगर: छात्र-छात्राओं को सस्ती और असली किताबें दिलाने के लिए लगेगा पुस्तक मेला, जानें तारीख और स्थान

अम्बेडकरनगर (अकबरपुर)। जनपद में माध्यमिक शिक्षा को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। यूपी बोर्ड के कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए 'पुस्तक जागरूकता एवं सुलभता शिविर' (पुस्तक मेला) का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 24 अप्रैल को सुबह 10 बजे से राजकीय इंटर कॉलेज याकूबपुर कटरिया, अकबरपुर के परिसर में आयोजित होगा।

महंगी किताबों और धोखाधड़ी से मिलेगी राहत: बाजार में अक्सर गैर-मान्यता प्राप्त और महंगी किताबें बेचकर अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जाता है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रमाणित और अधिकृत पाठ्यपुस्तकों के प्रति जागरूक करना है। यहाँ छात्र-छात्राओं को परिषद द्वारा निर्धारित उचित दरों पर ही पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।

36 मुख्य विषयों की किताबें होंगी उपलब्ध: जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि परिषद ने कक्षा 9 से 12 तक के लिए कुल 36 आधारित विषयों और 12 मौलिक विषयों की पुस्तकें अत्यंत सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इन पुस्तकों के वितरण के लिए तीन अधिकृत विक्रेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो सीधे मेले में मौजूद रहकर छात्रों को किताबें उपलब्ध कराएंगे।

डीआईओएस की अपील: जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने स्कूल के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को इस मेले की जानकारी दें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं ताकि उन्हें बाजार में भटकना न पड़े और वे सही व प्रामाणिक अध्ययन सामग्री प्राप्त कर सकें।

Uttar World से जुड़ें

Like Page