बुधवार, 22 अप्रैल 2026
pilibhit
पीलीभीत

पीलीभीत: खेत में मोटर ठीक करते समय संविदा बिजली कर्मचारी की करंट लगने से मौत

By Uttar World Desk

22 अप्र, 2026 | 12:58 बजे
पीलीभीत: खेत में मोटर ठीक करते समय संविदा बिजली कर्मचारी की करंट लगने से मौत

पीलीभीत : जिले के पूरनपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ एक संविदा बिजली कर्मचारी की अपने ही खेत में काम करते समय करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और बिजली विभाग के कर्मचारियों में भी शोक की लहर है। मृतक की पहचान दिनेश कुमार (पुत्र रूपन) के रूप में हुई है, जो घुंघचाई थाना क्षेत्र के ग्राम सिमरिया ता. अजीतपुर बिल्हा के निवासी थे।

जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार पूरनपुर के ग्रामीण बिजली घर के गोपालपुर फीडर में संविदा कर्मचारी के पद पर तैनात थे। सोमवार की शाम वह अपने निजी खेत पर लगी विद्युत मोटर से सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान मोटर में कोई तकनीकी खराबी आ गई, जिसे वह खुद ही ठीक करने का प्रयास करने लगे। मरम्मत के दौरान अचानक मोटर में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आकर दिनेश बुरी तरह झुलस गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें उपचार के लिए पूरनपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीलीभीत रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब पार्थिव शरीर घर पहुँचा, तो परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन हो गया। मृतक दिनेश अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों (बेटी रोशनी, बेटा शिवम और शुभांशु) को छोड़ गए हैं। बिजली विभाग के अन्य कर्मचारियों ने उनके आवास पर पहुँचकर शोक संवेदना व्यक्त की है और विभाग से उचित सहायता की मांग की है।

Uttar World से जुड़ें

Like Page