बुधवार, 22 अप्रैल 2026
pilibhit
पीलीभीत

पीलीभीत: शिवनगर में गेहूं के डंठल में लगी भीषण आग, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

By Uttar World Desk

22 अप्र, 2026 | 01:13 बजे
पीलीभीत: शिवनगर में गेहूं के डंठल में लगी भीषण आग, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

पीलीभीत : जिले के शिवनगर गांव में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में बचे गेहूं के डंठलों (नरई) में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के खेतों में खड़ी फसल पर भी खतरा मंडराने लगा। हालांकि, ग्रामीणों ने समय रहते साहस और तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी आपदा को टाल दिया।

घटना के अनुसार, दोपहर के समय अज्ञात कारणों से खेत में आग सुलग उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली और पंपिंग सेट लेकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग के चारों ओर की जमीन को जोत दिया, जिससे आग आगे नहीं बढ़ सकी। करीब घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

गनीमत यह रही कि पास के खेतों में अभी कुछ जगह गेहूं की कटाई शेष थी, जिसे ग्रामीणों की सूझबूझ से जलने से बचा लिया गया। इस घटना में डंठल जलने के अलावा किसी बड़े आर्थिक नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे खेतों में फसल अवशेष न जलाएं और आग लगने की किसी भी घटना पर तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित करें।

Uttar World से जुड़ें

Like Page