झांसी में बारातियों से भरी एक बस के साथ रास्ते में हुए विवाद के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना सोमवार देर रात सुकवा-ढुकवा पुल के पास की है, जहाँ दतिया (मध्य प्रदेश) से ललितपुर जा रही एक बारात की बस को कुछ बाइक सवार युवकों ने रोक लिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुल से गुजरने को लेकर हुए विवाद के बाद दबंगों ने दूल्हे के चाचा, 55 वर्षीय कोमल सिंह को लात मारकर पुल से नीचे नहर में फेंक दिया, जिससे पानी में डूबने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस के शुरुआती जांच और बयानों में यह बात सामने आई है कि विवाद के दौरान बस से नीचे उतरे कोमल सिंह का पैर फिसल गया और वह संतुलन बिगड़ने के कारण करीब 10-12 फीट नीचे पानी में गिर गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वास्तविकता का पता लगाने के लिए मामले की गहराई से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।