छिबरामऊ, कन्नौज: नगर के 100 शैया अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। जिलाधिकारी के कड़े रुख के बाद अस्पताल में चार बेड का आईसीयू (ICU) वार्ड बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है। अब सड़क हादसों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
10 साल का इंतज़ार खत्म: गौरतलब है कि 100 शैया अस्पताल की शुरुआत 1 जनवरी 2016 को हुई थी, लेकिन 10 साल बीत जाने के बाद भी यहां आईसीयू का संचालन शुरू नहीं हो सका था। बीते 3 अप्रैल को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने निरीक्षण के दौरान पाया कि आईसीयू वार्ड स्टोर में तब्दील हो चुका था। डीएम की नाराजगी और एक हफ्ते की मोहलत के बाद अस्पताल प्रशासन ने युद्ध स्तर पर काम शुरू किया और अब यह वार्ड तैयार है।
अत्याधुनिक सुविधाएं और स्टाफ की मांग: CMS डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आईसीयू में चार कमरों में अलग-अलग बेड के साथ मॉनिटर और ऑक्सीजन की व्यवस्था की गई है। इसके संचालन के लिए शासन को पत्र भेजकर विशेष स्टाफ की मांग की गई है, जिसमें 4 वेंटिलेटर टेक्नीशियन, ICU ट्रेंड डॉक्टर, 12 स्टाफ नर्स, 4 वार्ड बॉय मरीजों की सुरक्षा के लिए तीमारदारों का प्रवेश वर्जित रहेगा, उनके बैठने की व्यवस्था बरामदे में की गई है। साथ ही अस्पताल के मौजूदा पैरामेडिकल स्टाफ को भी विशेष प्रशिक्षण देने की योजना बनाई गई है।