कन्नौज: जिले में स्मार्ट मीटरों की रफ़्तार ने आम आदमी के घर का बजट बिगाड़ कर रख दिया है। बुधवार को मकरंदनगर स्थित एक्सईएन (XEN) दफ्तर पर उपभोक्ताओं, विशेषकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। दर्जनों महिलाओं ने विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए दफ्तर का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।
"4 दिन में 4000 का रिचार्ज, ये कैसी लूट?" प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि जब से घरों में स्मार्ट मीटर लगे हैं, बिजली का बिल दोगुने-तिगुने से भी ज्यादा आ रहा है। एक महिला उपभोक्ता ने आपबीती सुनाते हुए कहा, "10 दिन पहले 4000 रुपये का रिचार्ज कराया था, लेकिन फिर भी बिजली कट गई। पूछने पर पता चला कि बैलेंस खत्म हो गया है। अब हम बच्चों को पालें या पूरी कमाई बिजली विभाग की तिजोरी में डाल दें?"
अधिकारियों की चुप्पी पर भड़का आक्रोश: महिलाओं का कहना है कि जब वे अपनी शिकायत लेकर दफ्तर पहुँचीं, तो कोई भी अधिकारी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं था। इससे माहौल और गरमा गया। भीड़ और हंगामे को देखते हुए बिजली विभाग ने पुलिस को मौके पर बुला लिया। पुलिस ने महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन उपभोक्ता स्मार्ट मीटर हटवाने की मांग पर अड़े रहे।
विभागीय तानाशाही के खिलाफ चेतावनी: गुस्साई महिलाओं ने बिजली विभाग को खुली चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन खराब मीटरों को नहीं बदला गया या पुरानी व्यवस्था लागू नहीं की गई, तो वे खुद मीटर उखाड़कर फेंक देंगी। उपभोक्ताओं का साफ़ कहना है कि पहले जहाँ बिल 1000 से 2000 के बीच आता था, अब वही बिल 5000 के पार जा रहा है, जबकि बिजली की खपत उतनी ही है।