सीतापुर :जिले में नेशनल हाईवे पर मंगलवार की दोपहर एक भीषण और हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। इस सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना सिधौली कोतवाली क्षेत्र के मानवा के पास की है, जहाँ तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े एक अनियंत्रित टैंकर से पीछे से टकरा गई। इस हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के गांव पहुंची, वहाँ कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, सिधौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिंगपुर निवासी 25 वर्षीय सूरज पुत्र सुशील और 30 वर्षीय नंदराम पुत्र ढूंढे, सोमवार को लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती अपने किसी बीमार परिजन का हाल-चाल लेने गए थे। मंगलवार को दोनों दोस्त बाइक पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। अभी वे सिधौली के मानवा क्षेत्र के पास पहुँचे ही थे कि सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सिधौली ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही गांव के दो युवाओं की इस तरह असमय मौत से सिंगपुर गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सिधौली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि हाईवे किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन और तेज रफ्तार इस बड़े हादसे की मुख्य वजह बने।