फ़िरोज़ाबाद (जसराना)। जनपद के जसराना थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के भीतर हुए अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पहला हादसा नगला बरी झपारा गांव के पास हुआ। यहाँ के निवासी 24 वर्षीय कौशलेंद्र पुत्र नरेंद्र एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर अपने गांव के सामने खड़े थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घायल कौशलेंद्र को परिजन उपचार के लिए ले गए, जहाँ प्राथमिक सुधार के बाद वे घर लौट आए थे। लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई।
दूसरी दुखद घटना खडीत पुल के पास हुई। एटा के हरनावली गांव निवासी 45 वर्षीय समीम खां बाइक से जसराना की ओर आ रहे थे। एटा-शिकोहाबाद मार्ग पर खडीत पुल के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण समीम की मौके पर ही मौत हो गई।
तीसरा हादसा भी खडीत पुल के पास ही हुआ। खडीत मिलावली निवासी 18 वर्षीय वीकेश अपने साथी अजीत के साथ पाढ़म से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में वीकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी अजीत घायल हो गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने तीनों ही मामलों में पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहनों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घायलों का उपचार जारी है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।