शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026
kannauj
कन्नौज

कन्नौज: भीषण गर्मी के बीच 'अंधेरे' में कछपुरा; 15 दिन से फुंका पड़ा है ट्रांसफार्मर, गुस्से में ग्रामीणों ने घेरा बिजली विभाग

By Uttar World Desk

17 अप्र, 2026 | 02:57 बजे
कन्नौज: भीषण गर्मी के बीच 'अंधेरे' में कछपुरा; 15 दिन से फुंका पड़ा है ट्रांसफार्मर, गुस्से में ग्रामीणों ने घेरा बिजली विभाग

विशुनगढ़ (कन्नौज): कन्नौज जिले के ग्राम पंचायत सरदामई के मजरा कछपुरा में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। भीषण गर्मी के इस मौसम में पिछले 15 दिनों से गांव का ट्रांसफार्मर (डीपी) फुंका पड़ा है, जिसके कारण पूरा गांव अंधेरे की मार झेल रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को गांव के बाहर इकट्ठा होकर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि 15 दिनों से बिजली न होने के कारण न केवल जनजीवन ठप है, बल्कि पानी की किल्लत ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

ग्रामीणों ने बताया कि पहले कई दिनों तक लो-वोल्टेज की समस्या रही और उसके बाद अचानक ट्रांसफार्मर जल गया। ग्राम प्रधान राम प्रकाश ने 'उत्तर वर्ल्ड' को जानकारी देते हुए कहा कि बिजली निगम को कई बार लिखित और मौखिक सूचना दी जा चुकी है, लेकिन विभागीय कर्मचारी और अधिकारी जानबूझकर इस समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो वे बिजली घर का घेराव कर बड़ा आंदोलन करेंगे। मौके पर संतोष कुमार, रामविलास शाक्य, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Uttar World से जुड़ें

Like Page