सोम‌वार, 20 अप्रैल 2026
meerut
मेरठ

मेरठ: किठौर लूट कांड का तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार, किशोर को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर लूटे थे ₹10 हजार

By Uttar World Desk

20 अप्र, 2026 | 12:15 बजे
मेरठ: किठौर लूट कांड का तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार, किशोर को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर लूटे थे ₹10 हजार

किठौर (मेरठ)। मेरठ के किठौर कस्बे में बीते दिनों एक कन्फेक्शनरी की दुकान पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने घटना में शामिल तीसरे और अंतिम आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने एक तमंचा और लूटी गई रकम में से कुछ नकदी बरामद की है।

बीती 28 मार्च को मोहल्ला मौसमखानी निवासी अबरार अहमद की कन्फेक्शनरी की दुकान पर उनका 13 वर्षीय भतीजा अब्दुल बैठा हुआ था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे। मौका मिलते ही तीनों बदमाशों ने तमंचा निकालकर किशोर को बंधक बना लिया और गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो एक बाइक पर तीन संदिग्ध युवक नजर आए। तफ्तीश में बदमाशों की पहचान कपिल (हसनपुर कदीम), देवी और धुर्री (रामराज, बहसूमा) के रूप में हुई। पुलिस आरोपी कपिल और देवी को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

रविवार को किठौर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी धुर्री उर्फ गौरव को कस्बे के पास स्थित बंबे की पटरी से धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी के साथ ही किठौर पुलिस ने इस लूट कांड का पूरी तरह खुलासा कर दिया है।

Uttar World से जुड़ें

Like Page