सोम‌वार, 20 अप्रैल 2026
prayagraj
प्रयागराज

प्रयागराज: गल्ला खरीदने जा रहे दो बुजुर्ग व्यापारियों की सड़क हादसे में मौत, RSS कार्यकर्ता होने से क्षेत्र में शोक की लहर

By Uttar World Desk

20 अप्र, 2026 | 06:17 बजे
प्रयागराज: गल्ला खरीदने जा रहे दो बुजुर्ग व्यापारियों की सड़क हादसे में मौत, RSS कार्यकर्ता होने से क्षेत्र में शोक की लहर

प्रयागराज (बारा)। जनपद के बारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मैदा मोड़ के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो बुजुर्ग व्यापारियों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों व्यापारियों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार निवासी सेहत बहादुर केसरवानी (70) और बिहारी अग्रहरी (65) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक गल्ले का कारोबार करते थे और गांवों से अनाज खरीदकर मंडी में बेचने का काम करते थे। रविवार को भी वे अपनी बाइक से गेहूं खरीदने के लिए निकले थे। जैसे ही वे रीवा रोड स्थित मैदा मोड़ के पास पहुंचे, प्रयागराज से जबलपुर की ओर जा रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए प्रयागराज भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक व्यापारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सक्रिय कार्यकर्ता भी थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही जारी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में मातम छा गया है।

थाना प्रभारी बारा, संजय राय ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार जबलपुर (मध्य प्रदेश) की है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Uttar World से जुड़ें

Like Page