सोम‌वार, 20 अप्रैल 2026
prayagraj
प्रयागराज

प्रयागराज जंक्शन से ट्रेन पकड़ने वाले सावधान! यार्ड रिमॉडलिंग के कारण वंदे भारत समेत 35 ट्रेनों के रूट बदले, कई स्टेशन भी बदले

By Uttar World Desk

20 अप्र, 2026 | 06:57 बजे
प्रयागराज जंक्शन से ट्रेन पकड़ने वाले सावधान! यार्ड रिमॉडलिंग के कारण वंदे भारत समेत 35 ट्रेनों के रूट बदले, कई स्टेशन भी बदले

25 मई तक चलेगा कार्य: प्रयाग स्टेशन से चलेगी वंदे भारत, हमसफर एक्सप्रेस अब सूबेदारगंज से मिलेगी; देखें अपनी ट्रेन की पूरी लिस्ट।

प्रयागराज। यदि आप आने वाले दिनों में प्रयागराज जंक्शन से रेल यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग (फेज-एक) का बड़ा कार्य शुरू हो गया है। इसके चलते रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों के संचालन में व्यापक बदलाव किए हैं। यह कार्य आगामी 25 मई तक जारी रहेगा।

वंदे भारत अब प्रयाग स्टेशन से: इस रिमॉडलिंग कार्य के कारण सबसे बड़ा बदलाव वंदे भारत एक्सप्रेस (22549/22550) में हुआ है। 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक यह ट्रेन प्रयागराज जंक्शन के बजाय प्रयाग स्टेशन से संचालित होगी। यात्रियों को जंक्शन की जगह अब प्रयाग स्टेशन पहुंचना होगा।

सूबेदारगंज और छिवकी से चलेंगी ये ट्रेनें: रेलवे के अनुसार, हमसफर एक्सप्रेस 24 से 30 अप्रैल के बीच प्रयागराज जंक्शन के बजाय सूबेदारगंज स्टेशन से ही चलेगी और वहीं समाप्त (टर्मिनेट) होगी। इसी तरह चोपन-प्रयागराज एक्सप्रेस 25 मई तक प्रयागराज छिवकी स्टेशन तक ही आएगी। मुजफ्फरपुर-प्रयागराज बापू धाम एक्सप्रेस 27 और 29 अप्रैल को केवल बनारस तक ही संचालित होगी।

छिवकी के रास्ते डायवर्ट की गईं प्रमुख ट्रेनें: कुल 35 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव कर उन्हें प्रयागराज छिवकी के रास्ते चलाया जा रहा है। इनमें प्रमुख रूप से:

  • अहमदाबाद-दरभंगा, गोरखपुर-लोकमान्य तिलक, रक्सौल-लोकमान्य तिलक

  • पुणे-बनारस, रांची-लोकमान्य तिलक, पटना-अहमदाबाद

  • हावड़ा-नई दिल्ली (रामबाग के रास्ते), कामाख्या-आनंद विहार

रेल प्रशासन की अपील: रेलवे ने प्रभावित यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर बल्क मैसेज के जरिए सूचना भेज दी है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी ट्रेन का स्टेटस चेक करने के बाद ही घर से निकलें, ताकि अंतिम समय पर स्टेशन बदलने या रूट बदलने के कारण कोई परेशानी न हो।

Uttar World से जुड़ें

Like Page