बघेड़ी गांव के पास से हुई गिरफ्तारी; एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज, प्रयागराज कमिश्नरेट का अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी।
प्रयागराज (सरायममरेज)। प्रयागराज पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों एवं नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायममरेज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सरायममरेज थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध नशीले पदार्थ की तस्करी के इरादे से क्षेत्र में घूम रहा है। इस सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने बघेड़ी गांव के पास से राकेश सोनकर (32 वर्ष) पुत्र अर्जुन सोनकर को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.426 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पकड़ा गया अभियुक्त राकेश सोनकर मूल रूप से कोटवा हनुमानगंज, थाना सरायइनायत का निवासी है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ सरायममरेज थाने में मु0अ0सं0-63/2026, धारा-8/20 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनीष पाण्डेय, उपनिरीक्षक अमरेन्द्र सिंह और कांस्टेबल संदीप यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे की गर्त से बचाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।