कोरांव के रत्योरा करपिया गांव के पास हुआ भीषण हादसा; बेटी और नातिन को अस्पताल ले जा रहा था मृतक, जिला अस्पताल रेफर हुए घायल।
प्रयागराज (कोरांव)। जनपद के कोरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत रत्योरा करपिया गांव में सोमवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी और नातिन समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान भगेसर लहवा निवासी इंदल (45) पुत्र बेनी माधव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, इंदल अपनी बेटी पूजा और छोटी नातिन जाह्नवी को बाइक पर बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कोरांव ले जा रहे थे। मासूम जाह्नवी को कुत्ते ने काट लिया था, जिसे वे रैबीज का टीका लगवाने के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें घेर लिया।
घटना स्थल पर लगी भीड़
जैसे ही इंदल की बाइक रत्योरा करपिया गांव के पास पहुँची, विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर उत्तम मिश्रा और कार्तिक मिश्र सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इंदल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में इंदल की बेटी पूजा, नातिन जाह्नवी और दूसरी बाइक पर सवार उत्तम मिश्रा गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही कोरांव थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत CHC कोरांव पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने इंदल को मृत घोषित कर दिया। पूजा और उत्तम मिश्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।