सोम‌वार, 20 अप्रैल 2026
ambedkar-nagar
अम्बेडकर नगर

अम्बेडकरनगर: जिस घर से उठनी थी डोली, वहां से उठी अर्थी! शादी से 6 दिन पहले भीषण सड़क हादसे में दूल्हे की मौत

By Uttar World Desk

20 अप्र, 2026 | 12:02 बजे
अम्बेडकरनगर: जिस घर से उठनी थी डोली, वहां से उठी अर्थी! शादी से 6 दिन पहले भीषण सड़क हादसे में दूल्हे की मौत

अम्बेडकरनगर (अकबरपुर)। जनपद के अकबरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अकबरपुर-महरुआ रोड पर कसेरुआ गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप आगे चल रहे केमिकल टैंकर से टकरा गई। इस हादसे में पिकअप चालक और होने वाले दूल्हे मनोज यादव (26) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: औरंग नगर के पहितीपुर गांव निवासी मनोज यादव की शादी आगामी 26 अप्रैल को होनी थी। घर में मेहमानों का आना शुरू हो गया था और शादी की रस्में व तैयारियां जोरों पर थीं। मनोज सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे अपनी पिकअप में सब्जियां लादकर शहजादपुर थोक मंडी जा रहा था, तभी नियति ने क्रूर खेल खेल दिया।

जेसीबी की मदद से निकाला गया शव: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि 7 फीट की पिकअप केबिन समेत पिचक कर महज 4 फीट की रह गई। मनोज केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया था। थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मंगवाई और पिकअप की बॉडी को कटवाकर करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

बाल-बाल टला बड़ा धमाका: पुलिस के अनुसार, जिस टैंकर से पिकअप की भिड़ंत हुई, उसमें ज्वलनशील इंडस्ट्रियल केमिकल भरा हुआ था। गनीमत यह रही कि टक्कर के बाद टैंकर में ब्लास्ट नहीं हुआ, वरना आसपास के इलाके में भारी तबाही मच सकती थी।

बुझ गया घर का चिराग: तीन भाइयों में सबसे छोटा मनोज अपने परिवार का बड़ा सहारा था। पिता के निधन के बाद वह मेहनत-मजदूरी कर घर चला रहा था। उसकी मौत की खबर जैसे ही गांव पहुँची, पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। मां और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Uttar World से जुड़ें

Like Page