सोम‌वार, 20 अप्रैल 2026
kannauj
कन्नौज

कन्नौज: मौत को छूकर निकला ट्रैक्टर चालक! ऊंचे ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, ट्रॉली का टायर भी निकला

By Uttar World Desk

20 अप्र, 2026 | 12:55 बजे
कन्नौज: मौत को छूकर निकला ट्रैक्टर चालक! ऊंचे ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, ट्रॉली का टायर भी निकला

कन्नौज/हरदोई। जनपद के नैनापुर निवासी जबर सिंह सोमवार को एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बचे। हरदोई से शाहाबाद मार्ग होते हुए अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ घर लौटते समय इस्माइलपुर फ्लाईओवर के पास उनका ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक की त्वरित सूझबूझ के कारण कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर बने ब्रेकर की ऊंचाई अधिक होने के कारण जैसे ही ट्रैक्टर उस पर चढ़ा, वह अनियंत्रित हो गया। झटके की वजह से ट्रॉली का एक टायर निकल गया और पूरा ट्रैक्टर एक ओर झुककर पलट गया। खतरे को भांपते हुए चालक जबर सिंह ने तुरंत ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, ट्रैक्टर को काफी नुकसान पहुँचा है।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और ब्रेकरों की बनावट पर कड़ा रोष जताया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर बने ब्रेकर निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं, जिसकी वजह से आए दिन वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि इन ऊंचे ब्रेकरों को तत्काल ठीक कराया जाए ताकि भविष्य में किसी की जान न जाए। फिलहाल चालक जबर सिंह पूरी तरह सुरक्षित हैं और ट्रैक्टर को सीधा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Uttar World से जुड़ें

Like Page