सोम‌वार, 20 अप्रैल 2026
mathura
मथुरा

मथुरा: स्मार्ट मीटर के खिलाफ फूटा जनता का गुस्सा, बिल भरने के बाद भी कटी बिजली तो मसानी रोड पर लगाया जाम

By Uttar World Desk

20 अप्र, 2026 | 08:36 बजे
मथुरा: स्मार्ट मीटर के खिलाफ फूटा जनता का गुस्सा, बिल भरने के बाद भी कटी बिजली तो मसानी रोड पर लगाया जाम

दो दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर उपभोक्ता सड़कों पर उतरे; बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने मुश्किल से खुलवाया जाम।

खबर विस्तार से:मथुरा। कान्हा की नगरी मथुरा में स्मार्ट मीटर व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए जी का जंजाल बनती जा रही है। सोमवार को मसानी बिजली घर पर उपभोक्ताओं का सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने सड़क जाम कर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि समय पर बिल जमा करने के बावजूद बिना किसी सूचना के उनकी बिजली काट दी गई।

मथुरा में स्मार्ट मीटर से प्रताड़ित जनता गुस्से से की चक्का जाम
मथुरा में स्मार्ट मीटर से प्रताड़ित जनता गुस्से से की चक्का जाम

बिना मैसेज के काटी जा रही बिजली: प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और पुरुषों ने बताया कि पिछले दो दिनों से कई घर अंधेरे में डूबे हैं। बिना किसी पूर्व सूचना या मोबाइल पर मैसेज भेजे ही बिजली गुल कर दी गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर बिजली घर पहुँचे, तो वहां कोई भी जिम्मेदार अधिकारी सुनने वाला नहीं था। अधिकारी नदारद थे और कर्मचारियों ने कार्यालय के दरवाजे बंद कर लिए थे, जिसे बाद में मौके पर पहुँची पुलिस ने खुलवाया।

स्मार्ट मीटर हटाने की मांग: नाराज उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था पूरी तरह विफल है और यह केवल लोगों को परेशान करने का जरिया बन गई है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं। प्रदर्शन के कारण मसानी रोड पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा।

पुलिस की कार्रवाई: हंगामा बढ़ता देख गोविंद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। हालांकि, बिजली विभाग की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष बरकरार है।

Uttar World से जुड़ें

Like Page