गुरूवार, 14 मई 2026
अयोध्या

अयोध्या में जन्मदिन का जश्न मातम में बदला, सरयू में डूबे बस्ती के तीन युवक

By Uttar World Desk

14 मई, 2026 | 08:54 बजे
अयोध्या में जन्मदिन का जश्न मातम में बदला, सरयू में डूबे बस्ती के तीन युवक

अयोध्या : जिले के लक्ष्मण घाट पर गुरुवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बस्ती से अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने आए पांच युवक सरयू नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी की चपेट में आ गए। हादसे में तीन युवक नदी की तेज धारा में बह गए और लापता हो गए। सूचना मिलते ही जल पुलिस, गोताखोर और SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन घंटों की तलाश के बाद भी युवकों का सुराग नहीं लग सका।

मिली जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार निवासी पांच दोस्त—किशन, लकी, राज गुप्ता, अमित गुप्ता और अभिषेक सोनी—कार से अयोध्या आए थे। बुधवार रात उन्होंने अपने एक दोस्त का जन्मदिन मनाया था, जिसके बाद वे गुरुवार तड़के दर्शन और स्नान के लिए अयोध्या पहुंचे। सुबह करीब 7 बजे जब वे लक्ष्मण घाट पर स्नान कर रहे थे, तभी अभिषेक, अमित और राज गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक दोस्त को डूबता देख बाकी दो उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन पानी का बहाव और गहराई इतनी अधिक थी कि तीनों एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में डूब गए। किनारे पर मौजूद किशन और लकी ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोर और जल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करते हुए NDRF को भी बुलाया, लेकिन नदी की लहरों में समाए युवकों का पता नहीं चल सका।

हादसे की खबर जैसे ही बस्ती पहुंची, तीनों युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया। बदहवास परिजन तुरंत अयोध्या के लिए रवाना हो गए। समाचार लिखे जाने तक, रेस्क्यू टीम ने एक युवक का शव बरामद कर लिया था, जबकि अन्य दो की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। इस घटना ने एक बार फिर सरयू के घाटों पर सुरक्षा इंतजामों और गहरे पानी की चेतावनी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें