गुरूवार, 14 मई 2026
बहराइच

प्रभारी मंत्री ने कैसरगंज में सुनीं जन-समस्याएं, बोले- समाधान से फरियादी को मिले संतुष्टि

By Uttar World Desk

14 मई, 2026 | 08:42 बजे
प्रभारी मंत्री ने कैसरगंज में सुनीं जन-समस्याएं, बोले- समाधान से फरियादी को मिले संतुष्टि

बहराइच / कैसरगंज : उत्तर प्रदेश के कृषि एवं कृषि अनुसंधान मंत्री और बहराइच जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को तहसील कैसरगंज में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव सहित जिले के आला अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से होना चाहिए ताकि फरियादी को दोबारा उसी समस्या के लिए दौड़-भाग न करनी पड़े।

जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्रभारी मंत्री ने विशेष रूप से बिजली आपूर्ति और उर्वरक (खाद) की उपलब्धता से जुड़ी शिकायतों पर संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि खेती-किसानी के इस सीजन में खाद की किल्लत नहीं होनी चाहिए और बिजली से जुड़ी तकनीकी खामियों को समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।

आकांक्षी जनपद बहराइच के विकास पर चर्चा करते हुए श्री शाही ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना' का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के अधिक से अधिक युवक-युवतियों को इस योजना से आच्छादित किया जाए ताकि वे न केवल अपना उद्योग स्थापित कर स्वावलंबी बनें, बल्कि दूसरे स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर प्रदान कर सकें।

प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान 'गोल्डन कार्ड' प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं। साथ ही, उन्होंने सभी सरकारी चिकित्सालयों में उपचार के बेहतर प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा ताकि आम जनमानस को इलाज के लिए निजी अस्पतालों या जिले से बाहर न जाना पड़े।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, एसडीएम कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह, बीडीओ, बीईओ सहित विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधानसभा संयोजक गौरव वर्मा मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Uttar World News on Facebook

खबरों की पल-पल की अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को अभी लाइक करें।

अभी Like करें