गुरूवार, 23 अप्रैल 2026
bahraich
बहराइच

बहराइच: होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, नकल करने या कराने पर 1 करोड़ का जुर्माना और आजीवन कारावास

By Uttar World Desk

22 अप्र, 2026 | 08:36 बजे
बहराइच: होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, नकल करने या कराने पर 1 करोड़ का जुर्माना और आजीवन कारावास

उत्तर वर्ल्ड न्यूज डेस्क (22 अप्रैल, 2026): उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली होमगार्ड्स एनरोलमेंट 2025 की लिखित परीक्षा को लेकर बहराइच जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी और 'नकल विहीन' बनाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।

यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक। द्वितीय पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक। जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ कुल 3600 परीक्षार्थी शामिल होंगे। केंद्रों की सूची और क्षमता इस प्रकार है:

आर्य कन्या इण्टर कालेज व जवाहर नवोदय विद्यालय कीर्तनपुर: 240-240 परीक्षार्थी। 

आजाद इण्टर कालेज, राजकीय बालिका इण्टर कालेज, राजकीय बालक इण्टर कालेज, महाराज सिंह इण्टर कालेज व वैद्य भगवानदीन मिश्र गांधी इण्टर कालेज: 384-384 परीक्षार्थी।

चौधरी सियाराम इण्टर कालेज फखरपुर व सरस्वती इण्टर कालेज रिसिया: 480-480 परीक्षार्थी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से सचेत किया कि शासन की मंशा के अनुसार, यदि कोई भी केंद्र व्यवस्थापक या अन्य व्यक्ति नकल कराते हुए पाया जाता है, तो उस पर 1 करोड़ रुपये का जुर्माना और आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता अनिवार्य की गई है।

इन वस्तुओं पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों के लिए निम्नलिखित इलेक्ट्रॉनिक और अन्य डिवाइस ले जाना पूरी तरह वर्जित है मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड और कैमरा। कैलकुलेटर, पेंसिल बॉक्स, पेन ड्राइव। सनग्लास, वॉलेट, कैप, ज्वेलरी और चाबी।किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री।

भीषण गर्मी को लेकर विशेष इंतजाम

बहराइच में पड़ रही ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए डीएम ने निर्देश दिए हैं कि पेयजल के बेहतर प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। परीक्षार्थियों को किसी भी कीमत पर धूप में खड़ा होकर इंतजार न करना पड़े। शौचालय, प्रकाश और बैठने की उचित व्यवस्था हो।

सुरक्षा व्यवस्था का खाका

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बैठक में भरोसा दिलाया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र हेतु स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है, जो लगातार भ्रमणशील रहेंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह, (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

Uttar World से जुड़ें

Like Page