गुरूवार, 23 अप्रैल 2026
other-state
अन्य राज्य

ऐतिहासिक उपलब्धि: गुजरात से अमूल दूध लेकर पहली बार जम्मू-कश्मीर पहुँची स्पेशल मालगाड़ी

By Uttar World Desk

22 अप्र, 2026 | 11:11 बजे
ऐतिहासिक उपलब्धि: गुजरात से अमूल दूध लेकर पहली बार जम्मू-कश्मीर पहुँची स्पेशल मालगाड़ी

भारतीय रेलवे | जम्मू कश्मीर : जम्मू-कश्मीर के लिए आज का दिन बेहद ऐतिहासिक रहा। भारतीय रेलवे की जम्मू डिवीजन ने गुजरात से पहली बार दूध और डेयरी उत्पादों से भरी एक विशेष मालगाड़ी का सफल आगमन सुनिश्चित किया है। यह पहल केंद्र शासित प्रदेश में डेयरी उत्पादों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर मानी जा रही है।

यह विशेष मालगाड़ी अहमदाबाद डिवीजन के 'लिंच गुड्स शेड' (Linch Goods Shed) से 20 अप्रैल 2026 को रवाना हुई थी। बुधवार को यह जम्मू डिवीजन के बाड़ी ब्राह्मणा और कश्मीर घाटी के अनंतनाग गुड्स शेड पहुँची। ट्रेन में कुल 20 बीसीएन (BCN) वैगन थे।10 वैगन बाड़ी ब्राह्मणा (जम्मू) में और शेष 10 वैगन अनंतनाग (कश्मीर) में उतारे गए। प्रत्येक सेट में लगभग 500 टन डेयरी उत्पाद थे।  इस खेप में टोंड दूध, दूध पाउडर, छाछ, लस्सी और अन्य महत्वपूर्ण डेयरी आइटम शामिल थे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Senior DCM) उचित सिंघल ने इस उपलब्धि को जम्मू डिवीजन के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से सड़क मार्ग की तुलना में रेल मार्ग से परिवहन लागत काफी कम हो गई है, जिसका सीधा फायदा स्थानीय बाजारों और उपभोक्ताओं को मिलेगा। अब जम्मू और आसपास के इलाकों में अमूल के ताजे उत्पाद चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे। यह कदम क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने और पौष्टिक डेयरी उत्पादों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद करेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह सीधी रेल कनेक्टिविटी गुजरात के डेयरी और औद्योगिक क्षेत्र को सीधे कश्मीर घाटी के बाजारों से जोड़ती है। इससे दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक और आर्थिक संबंध और भी प्रगाढ़ होंगे। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही गुजरात से औद्योगिक नमक की पहली खेप भी रेल मार्ग से अनंतनाग पहुँची थी, जो इस नए व्यापारिक मार्ग की सफलता को दर्शाता है।

Uttar World से जुड़ें

Like Page