उत्तर वर्ल्ड न्यूज डेस्क | बहराइच : बहराइच जनपद में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली (Voter List) के पुनरीक्षण कार्य को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने नई समय-सीमा निर्धारित की है। जिला मजिस्ट्रेट और जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) अक्षय त्रिपाठी ने संशोधित अधिसूचना की जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
28 मई 2026 तक मतदाताओं के डीडुप्लीकेशन (दोहरी प्रविष्टियों को हटाना) और कम्प्यूटरीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 09 जून 2026 तक कम्प्यूटरीकरण के बाद मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाताओं का सीरियल नंबर आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग और फोटो प्रतियां तैयार करने जैसे तकनीकी कार्य संपन्न किए जाएंगे। 10 जून 2026 निर्वाचक नामावलियों (Voter Lists) का जनसामान्य के लिए अन्तिम प्रकाशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि आयोग की मंशा के अनुरूप मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में पूरी सावधानी बरती जा रही है। कम्प्यूटरीकरण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि एक ही मतदाता का नाम दो अलग-अलग वार्डों या सूचियों में न रहे। 10 जून को अंतिम प्रकाशन होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक अपने मतदान केंद्र और मतदाता सूची में अपने नाम की पुष्टि कर सकेंगे।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और ब्लॉक स्तर के कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएं ताकि आगामी पंचायत चुनावों के लिए एक सटीक और विश्वसनीय डेटाबेस तैयार हो सके।