गुरूवार, 23 अप्रैल 2026
etawah
इटावा

इटावा: कार गैराज में लगी भीषण आग, धमाकों की गूंज से सहमा इलाका, कई गाड़ियां जलकर खाक

By Uttar World Desk

23 अप्र, 2026 | 11:39 बजे
इटावा: कार गैराज में लगी भीषण आग, धमाकों की गूंज से सहमा इलाका, कई गाड़ियां जलकर खाक

इटावा : जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। जिला मुख्यालय के पॉश इलाके थाना सिविल लाइन क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आवास के पास स्थित एक कार रिपेयरिंग गैराज में देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसमें रखे सिलेंडर फटने से हुए धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईदगाह के पास स्थित 'अनीश कार गैराज' में अचानक आग की लपटें उठती देखी गईं। कुछ ही पलों में आग ने पूरे गैराज को अपनी चपेट में ले लिया।  गैराज में रखे टायरों और वेल्डिंग के काम में इस्तेमाल होने वाले ऑक्सीजन सिलेंडरों ने आग पकड़ ली, जिसके बाद एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुँचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन को अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाने पड़े। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। गैराज मालिक अनीश के अनुसार, आग में कई कारें, महंगी मशीनरी और सारा सामान जलकर खाक हो गया है। नुकसान का सटीक आकलन अभी किया जा रहा है, लेकिन यह लाखों में होने का अनुमान है।

सीओ सिटी अभय नारायण राय ने मौके का मुआयना किया और बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या गैराज के पास जमा सूखे पत्तों में लगी आग को माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आग बुझाने के दौरान सुरक्षा के लिहाज से आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक रोक दिया गया था, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।

उत्तर वर्ल्ड न्यूज सभी गैराज और वर्कशॉप मालिकों से अपील करता है कि भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली के तारों (Wiring) और ज्वलनशील पदार्थों (जैसे सिलेंडर व तेल) के रखरखाव में विशेष सावधानी बरतें ताकि ऐसी घटनाओं को टाला जा सके।

Uttar World से जुड़ें

Like Page