क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक ऐतिहासिक पल आ गया है। साल 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलंपिक (LA28) के लिए विशेष रूप से क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। UttarWorld की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को कैलिफोर्निया के पोमोना (Pomona) में भूमि-पूजन समारोह के साथ इस प्रोजेक्ट का आगाज हुआ।
क्रिकेट आखिरी बार साल 1900 के पेरिस ओलंपिक में खेला गया था। अब 128 साल के लंबे इंतजार के बाद यह खेल दुनिया के सबसे बड़े मंच पर वापस लौट रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह ने इस अवसर पर कहा कि यह खेल के वैश्विक विस्तार के लिए एक बहुत बड़ा मील का पत्थर है।
कहाँ बनेगा यह स्टेडियम?
लॉस एंजिल्स काउंटी के पोमोना स्थित 'फेयरप्लेक्स ग्राउंड्स' (Fairplex Grounds) एक अस्थायी लेकिन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम होगा, जिसे खास तौर पर ओलंपिक मुकाबलों के लिए तैयार किया जा रहा है। यह लॉस एंजिल्स शहर से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
किस फॉर्मेट में होगा मुकाबला?
LA28 ओलंपिक में क्रिकेट T20 फॉर्मेट में खेला जाएगा इसमें पुरुषों और महिलाओं की अलग-अलग प्रतियोगिताएं होंगी। दोनों वर्गों में 6-6 टीमें स्वर्ण पदक (Gold Medal) के लिए भिड़ेंगी। ओलंपिक मुकाबले 12 जुलाई से 29 जुलाई 2028 के बीच आयोजित किए जाएंगे।
नाइट राइडर्स का होगा 'होम ग्राउंड'
ओलंपिक से पहले, यह मैदान मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के मैचों की मेजबानी भी करेगा। लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (LAKR) की टीम जुलाई 2026 में यहाँ अपने कुछ घरेलू मैच खेलेगी, जिससे पिच और मैदान की तैयारी को परखा जा सकेगा।
जय शाह का बयान
जय शाह ने समारोह के दौरान कहा, "क्रिकेट के लिए यह बहुत रोमांचक समय है। ओलंपिक का हिस्सा बनना गर्व और सपनों की बात है। हमें विश्वास है कि यह स्टेडियम ओलंपिक के दौरान मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा और अमेरिका में क्रिकेट की एक नई विरासत छोड़ेगा।"