नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कड़कड़डूमा लोअर कोर्ट में तैनात एक न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपनी पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। अमन नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के कड़कड़डूमा कोर्ट में डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (DLSA) के फुल-टाइम सेक्रेटरी के रूप में कार्यरत थे।
अमन के परिजनों और रिश्तेदारों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं घटना से एक दिन पहले शुक्रवार रात करीब 10 बजे अमन ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि वे बहुत परेशान हैं और उनका जीना मुश्किल हो गया है। रिश्तेदारों का दावा है कि अमन और उनकी पत्नी स्वाति (जो खुद भी एक न्यायिक अधिकारी हैं) के बीच अक्सर विवाद होता था。 परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात जब पिता अलवर से दिल्ली पहुंचे, तब भी दोनों के बीच झगड़ा हो रहा था। आरोप है कि स्वाति ने अपने ससुर को कमरे से बाहर न जाने पर पुलिस बुलाने की धमकी दी थी。 शनिवार सुबह फिर से झगड़ा होने के बाद जब अमन काफी देर तक नहीं दिखे, तो पिता ने उन्हें कॉल किया। मोबाइल की घंटी बाथरूम के अंदर से आ रही थी। गार्ड ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहाँ अमन का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया।
30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा का करियर काफी प्रभावशाली रहा था उन्होंने पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की डिग्री हासिल की थी।अमन ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की थी। अपने सेवाकाल के दौरान वे जेएमएफसी (JMFC) और सिविल जज के रूप में कई महत्वपूर्ण मामलों का फैसला सुना चुके थे। अक्टूबर 2025 से वे नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट, कड़कड़डूमा कोर्ट में DLSA के फुल-टाइम सेक्रेटरी के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की तहकीकात कर रही है कि क्या यह वाकई आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश है। परिजनों के बयानों को आधार बनाकर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।